Thursday, July 23, 2026

दिल्ली विश्वविद्यालय (SOL) में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश शुरू, स्नातक से लेकर विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों तक आवेदन आमंत्रित

दिल्ली विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ डिस्टेंस एंड कंटीन्यूइंग एजुकेशन (DDCE), स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL), कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (COL) ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, कौशल एवं विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत कई नए और बहुविकल्पीय पाठ्यक्रमों की शुरुआत की है। साथ ही विद्यार्थियों को ड्यूल डिग्री का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है।

स्नातक (UG) पाठ्यक्रम

प्रवेश के लिए उपलब्ध प्रमुख पाठ्यक्रमों में बी.एससी. (ऑनर्स) कंप्यूटर साइंस (नया), बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA-FIA), बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (BMS), बी.कॉम., बी.कॉम. (ऑनर्स), बी.ए. (ऑनर्स) अर्थशास्त्र, अंग्रेजी एवं राजनीति विज्ञान तथा बी.ए. प्रोग्राम शामिल हैं। बी.ए. प्रोग्राम में कंप्यूटर एप्लीकेशन, अर्थशास्त्र, शिक्षा, अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, गणित, राजनीति विज्ञान, संस्कृत और उर्दू जैसे विषयों का चयन किया जा सकता है।

स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रम

पीजी स्तर पर एमबीए, एमबीए (एग्जीक्यूटिव) हेल्थ केयर एडमिनिस्ट्रेशन (नया), एम.ए. (हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, संस्कृत), एम.कॉम., बीएलआईएससी, एमएलआईएससी तथा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ऑटोमेटेड एंड डिजिटल लाइब्रेरी मैनेजमेंट जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू हो चुके हैं।

कौशल विकास एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम

ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर (OLDC) के माध्यम से स्टेनोग्राफी, पाइथन प्रोग्रामिंग, एनिमेशन, ग्राफिक डिजाइन, मेडिकल ट्रांसक्रिप्शन, डिजिटल एवं सोशल मीडिया मार्केटिंग, रोबोटिक्स, मीडिया स्टडीज, बेकरी, ब्यूटी एवं हेयर, कंप्यूटर नेटवर्क, अंग्रेजी भाषा, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, मोटर ड्राइविंग, जीएसटी अकाउंटिंग सहित कई 6 माह एवं 1 वर्ष के प्रमाणपत्र और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

विदेशी भाषा पाठ्यक्रम

सर्टिफिकेट और डिप्लोमा स्तर पर चीनी, जापानी, कोरियाई, इतालवी, स्पेनिश, फ्रेंच, जर्मन और पुर्तगाली भाषाओं के पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। इनकी परीक्षाएं एवं प्रमाणन दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा किया जाएगा।

महत्वपूर्ण जानकारी (Highlight)

📅 शैक्षणिक सत्र: 2026–27

📌 प्रवेश प्रक्रिया: प्रवेश प्रारंभ (Admissions Open)

🔗 मुख्य वेबसाइट: https://sol.du.ac.in/

🔗 स्किल कोर्स वेबसाइट: https://skill.oldcdu.ac.in/site/login/

🔗 भाषा पाठ्यक्रम वेबसाइट: https://cifl.oldcdu.ac.in/

📍 कार्यालय: स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग, 5 कैवेलरी लाइंस, यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली, दिल्ली–110007

☎️ संपर्क: 011-65213030, 011-35663474


Friday, July 17, 2026

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर शाम NEET UG 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया,पंजाब के आर्यन और हरियाणा के पांशुल ने टॉप किया

NEET-UG 2026 का परिणाम गुरुवार रात को घोषित कर दिया गया। इसमें पंजाब के आर्यन और हरियाणा के पांशुल ने टॉप किया। इन दोनों ने 720 में से 715 अंक हासिल किए। क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत छात्राएं हैं। https://neet.nta.nic.in/ पर जाकर उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं।

नीट यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक होने के कारण दोबारा कराई गई थी। 21 जून को दोबारा हुई परीक्षा में देश और विदेश के करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

मुख्य बिंदु

19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए।

20 लाख अभ्यर्थी दोबारा हुई प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए थे।

  • पंजाब और हरियाणा के दो छात्र संयुक्त रूप से टॉपर बने।
  • प्रश्नपत्र लीक होने के कारण कड़ी सुरक्षा में दोबारा हुई थी परीक्षा।

इस प्रवेश परीक्षा में 11.21 लाख उम्मीदवार एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबद्ध मेडिकल पाठ्यक्रमों के लिए चयनित हुए हैं।

138 उम्मीदवारों को 690 अंक

एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) के अनुसार, 138 उम्मीदवारों ने 720 में से 690 या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं। इनमें से 93 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी पहली बार नीट परीक्षा में शामिल हुए थे। 99 प्रतिशत टॉपर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है। देशभर में 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए।

डेढ़ हजार को 650 या अधिक अंक

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के अनुसार, 1492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 उम्मीदवारों ने 600 या उससे अधिक, और 90,780 उम्मीदवारों ने 500 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। प्रवेश परीक्षा के परिणाम समय पर जारी होने से मेडिकल कॉलेजों में दाखिले और काउंसलिंग की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो सकेगी।


Thursday, July 16, 2026

DU एडमिशन 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी ने कॉमनवेल्थ सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) 2026 के तहत यूजी कोर्सेज में प्रवेश के लिए पहले राउंड का सीट एलोकेशन जारी किया है। जिसके साथ अकादमी सत्र 2026-27 में नामांकन प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई।

   दिल्ली विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रवेश के पहले चरण में 93 हजार से ज्यादा छात्रों को सीटें आवंटित की हैं। इन छात्रों को 18 जुलाई की रात 12 बजे से पहले अपनी सीट स्वीकार करने और निर्धारित शुल्क जमा करने की सलाह डीयू की ओर से दी गई है।

दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश प्रक्रिया अब तेज हो गई है। विश्वविद्यालय ने 67 कॉलेजों के 221 स्नातक कार्यक्रमों के लिए कुल 1,393 कार्यक्रम-कॉलेज संयोजनों में 93,033 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की हैं।

डीयू के अनुसार इस वर्ष कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के तहत 2,18,284 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया। जबकि 2,08,843 अभ्यर्थियों ने 13 जुलाई तक दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी की। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान कुल 1.59 करोड़ से अधिक कॉलेज-कार्यक्रम प्राथमिकताओं (15,942,385 preferences) पर विचार किया गया।

विश्वविद्यालय के मुताबिक पहले चरण में सीट आवंटन की दर (Allocation Rate) लगभग 86.1 प्रतिशत रही। चयनित छात्रों में 42,019 छात्र और 51,014 छात्राएं शामिल हैं।

इसके अलावा:

  • एकल बालिका (Single Girl Child) श्रेणी के 1,243 छात्रों को सीटें मिलीं।
  • अनाथ श्रेणी के 242 छात्रों को भी सीटें आवंटित की गईं।
  • इनमें 109 छात्र और 133 छात्राएं शामिल हैं।

श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार:

  • अनारक्षित (UR) वर्ग: 99.9%
  • अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 96%
  • अनुसूचित जाति (SC): 95.2%
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 92.7%
  • अनुसूचित जनजाति (ST): 67.3%
  • दिव्यांग (PwBD): 23%

महत्वपूर्ण तिथियां

18 जुलाई

  • पहले शुल्क जमा कर सीट स्वीकार करने की अंतिम सलाह।

28 जुलाई

  • शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षाएं डीयू में शुरू होंगी।

छात्रों को मिलेगा फ्रीज या अपग्रेड का विकल्प

विश्वविद्यालय ने कहा है कि सीट स्वीकार करने के बाद छात्र शुल्क जमा करेंगे। इसके बाद उन्हें फ्रीज या अपग्रेड का विकल्प मिलेगा। अपग्रेड चुनने वाले अभ्यर्थी 21 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपनी उच्च प्राथमिकताओं का क्रम बदल सकेंगे। विश्वविद्यालय ने छात्रों से प्रवेश संबंधी अपडेट के लिए नियमित रूप से प्रवेश पोर्टल देखने की अपील की है।


पीजी पाठ्यक्रमों में दस हजार छात्रों ने लिया प्रवेश

डीयू ने अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया की भी जानकारी साझा की है। विश्वविद्यालय ने बताया कि पीजी कार्यक्रमों में अब तक लगभग 10,240 छात्रों ने प्रवेश ले लिया है। इनमें लगभग 6,240 छात्रों ने अपनी सीट फ्रीज की और 2,153 ने अपग्रेड का विकल्प चुना है।


एक वर्षीय पीजी कार्यक्रम

दिल्ली विश्वविद्यालय में दो वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के साथ-साथ एक वर्षीय पीजी कार्यक्रम में भी छात्रों ने रुचि दिखाई है। इस बार एक वर्षीय पीजी के लिए 12 हजार से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है।


28 जुलाई से नए सत्र की पढ़ाई होगी शुरू

पांच वर्षीय एकीकृत विधि पाठ्यक्रम के दूसरे स्पॉट राउंड की शुरुआत 17 जुलाई से होगी। बीटेक पाठ्यक्रमों के अगले चरण की सीट आवंटन और प्रवेश प्रक्रिया 19 जुलाई से शुरू होगी। विश्वविद्यालय ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षाएं 28 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी।






Friday, July 10, 2026

DU NCWEB में 2026-27 स्नातक प्रवेश प्रक्रिया 8 जुलाई से शुरू

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के नॉन-कॉलेजिएट विमेन्स एजुकेशन बोर्ड (NCWEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रवेश का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी शेड्यूल के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 8 जुलाई 2026 से शुरू होकर 24 जुलाई 2026 तक चलेगी। यह व्यवस्था उन छात्राओं के लिए है जो किसी कारणवश नियमित कॉलेज में पढ़ाई नहीं कर पाती हैं। NCWEB वर्ष 1944 से सप्ताहांत (शनिवार और रविवार) में कक्षाएं संचालित कर महिलाओं को उच्च शिक्षा का अवसर प्रदान कर रहा है।

NCWEB में केवल दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) की पात्र महिला अभ्यर्थियां ही आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन पत्र जमा करने से पहले सभी जानकारियों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने की सलाह दी गई है।

विश्वविद्यालय के प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार पहली कट-ऑफ सूची 27 जुलाई 2026 (सोमवार) को जारी की जाएगी। पहली कट-ऑफ के तहत पात्र अभ्यर्थी 28 जुलाई सुबह 10 बजे से 30 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। कॉलेजों द्वारा आवेदन का सत्यापन और स्वीकृति 31 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक की जाएगी, जबकि चयनित छात्राओं को प्रवेश शुल्क 1 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक जमा करना होगा।

इसके बाद दूसरी कट-ऑफ सूची 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को जारी होगी। दूसरी कट-ऑफ के लिए आवेदन 4 अगस्त सुबह 10 बजे से 6 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। कॉलेज 7 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक आवेदनों का सत्यापन करेंगे और अभ्यर्थियों को 8 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी। कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी और उसी के अनुसार सीटों का आवंटन किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन पत्र में सही शैक्षणिक जानकारी भरने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है।
















दिल्ली विश्वविद्यालय (SOL) में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश शुरू, स्नातक से लेकर विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों तक आवेदन आमंत्रित

दिल्ली विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ डिस्टेंस एंड कंटीन्यूइंग एजुकेशन (DDCE), स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL), कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (COL) ने श...

Latest News CUET के लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। GGSIPU ने 2 फरवरी, 2026 को IPU CET 2026 के लिए आवेदन पत्र जारी कर दिया है। IPU CET 2026 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च, 2026 है। इच्छुक उम्मीदवार IPU विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए पंजीकरण लिंक पर क्लिक करके आवेदन कर सकते हैं।....